ओपीडी में बिगड़ी हालत,इमरजेंसी वार्ड में तोड़ा दम

हरदोई – गुरुवार को टीबी रोग से परेशान एक अधेड़ जिला अस्पताल की ओपीडी में दवा लेने आया था। लेकिन ओपीडी में भीड़ अधिक होने की वजह से डॉक्टर के पास तक नहीं पहुंच पाया।अचानक उसकी हालत अधिक बिगड़ गई इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।उसके पास मिले पहचान पत्र से परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव लेकर परिजन घर चले गए।
 बेहटा गोकुल थाना के उम्मरपुर मजरा टोलवा अॉट निवासी अजय पाल काफी दिनों से बीमार चल रहा था। परिजनों के मुताबिक अजय पाल के टीबी की बीमारी होने की आशंका थी। इसी पर परिजनों को बिना बताए गुरुवार को जिला अस्पताल दवा लेने आया था। बताया गया है यहां पर ओपीडी तक पहुंचा, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण डॉक्टर के पास तक नहीं पहुंच पाया। हालत अधिक बिगड़ गई, जिससे वह फर्श पर ही गिर गया। घटना की जानकारी पाकर रोगी सहायता केन्द्र हरदोई के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद जानकारी होने पर केबिन में बैठे डॉक्टर भी बाहर निकल कर आ गए। हालत नाजुक देख कर उसे आनन-फानन में इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया। जहां पर थोड़ी देर में ही अजय पाल ने सदा सदा के लिए आंख बंद कर ली । परिजनों के मुताबिक अजय पालकी दो पुत्री सुमन व राजरानी है पुत्र प्रमोद है। इस घटना की जानकारी मिलने से पूरे परिवार में मातम पसरा है।