खबर कवरेज करने गए पत्रकारों एवं स्वास्थ्य कर्मियों में झड़प, विवाद पहुँचा थाने

                 टडियावाँ-  मंगलवार को सी एच सी टडियावाँ में खबर का कवरेज करने पहुँचे मीडिया कर्मियों के साथ अधीक्षक की मौजूदगी में केन्द्र पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा तीखी झड़प हुई। जहां मीडिया कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों पर उनके साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया गया। वहीं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा स्टाफ के साथ अभद्रता करने महिला कर्मियों के साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध पुलिस को तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही करने की मांग की है।
                   तहरीर देते हुए मोहित मिश्रा सम्पादक राजनैतिक जंग एवं सुनील भारती जिला संवाददाता महिमा सरस न्यूज पेपर का आरोप है कि मंगलवार को दोनों सी एच सी टडियावाँ स्वच्छता अभियान के तहत खबर कवरेज करने पहुँचे। गन्दगी की फोटो लेते समय अधीक्षक एवं लिपिक अवधेश त्रिपाठी ने कुछ ए.एन.एम. के साथ मिलकर अभद्रता की।कैम्पस का गेट बन्द कर मारपीट व् गाली गलौज किया।जिसकी शिकायत फोन द्वारा सी एम् ओ से करने पर दोनों को बाहर निकाल कर दोबारा केन्द्र पर आने पर जान से मारने की धमकी दी।
                 वहीं सी एच सी अधीक्षक एवं स्टाप द्वारा पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि दोपहर को मीटिंग हाल में समस्त स्टाप के साथ पोलियो टीकाकरण,परिवार कल्याण, जे एस वाई , वन्दना योजना की मीटिंग चल रही थी। उसी समय खुद को पत्रकार बताकर दोनों लोग मीटिंग हाल में घुसकर फोटो खींचने लगे। परिचय पूछने पर खुद को पत्रकार बताया। परिचय पत्र मांगने पर न दिखाकर उत्तेजित होकर अभद्रता के साथ बड़े अधिकारियों से कार्यवाही करवाने की धमकी देने लगे। वाद-विवाद के साथ बात बढ़ने पर महिला स्टाफ के साथ भी अभद्रता करने लगे जिससे कुछ महिलाओं को चोटें भी आईं। इस तरह कथित पत्रकार आए दिन केन्द्र पर आकर खुद को पत्रकार बताकर कार्य में व्यवधान डालते हैं। ऐसे कथित पत्रकारों पर अंकुश लगाने एवं दोनों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करने की माँग की है।
              अधीक्षक मनू शर्मा के अनुसार दोनों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी गई है। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी घटना से अवगत करा दिया गया है। वहीं थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों से तहरीर दी गई है। परीक्षा ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण शाम को थाने पहुँचने के उपरान्त मामले का अवलोकन कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।