किशोरी से लगातार छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने के प्रयास की पुलिस नहीं लिख रही रिपोर्ट

लखनऊ के इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के मायावती डूडा कॉलोनी निवासी एक परिवार कॉलोनी के कुछ दबंग युवकों से परेशान है । उसकी 15 वर्षीय पुत्री के साथ युवक लगातार छेड़छाड़ कर जबरदस्ती करने का प्रयास कर रहा है। इसके बाद भी पुलिस उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही। उधर, आरोपी लगातार उन्हें डरा-धमका रहे हैं। इसी को लेकर मंगलवार को पीड़िता के पिता ने मीडिया की मदद ली और एक शिकायती पत्र देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज करा आरोपियों के गिरफ्तारी करने की मांग की है।

डूडा कॉलोनी के राम प्रकाश रावत की 15 वर्षीय पुत्री गौरी (काल्पनिक नाम) कक्षा 9 की छात्रा है। बीती 4 जनवरी को गौरी अपने छोटे भाई रामू (बदला नाम) के साथ पढ़ने के लिए घर पर बैठी थी। तभी कॉलोनी के राहुल चौरसिया पुत्र प्रेम चौरसिया आकर अश्लील गाने गाने के साथ ही कंकड़ मार कर छेड़छाड़ करने लगा । गौरी के मुताबिक राहुल चौरसिया करीब 1 साल से स्कूल जाते समय या बाहर आते – जाते समय अश्लील हरकतें करता व गन्दी बातें कहता था । इस मामले की लड़की ने अपने माता-पिता से शिकायत भी की । लेकिन माता-पिता ने अपनी बेटी की इज्जत की नीलामी के डर से उसका बाहर विद्यालय जाना बंद करा दिया । बीते दिनों 4 जनवरी को जब वह अपने भाई के साथ अपने ही घर पर बाहर पढ़ रही थी तभी राहुल चौरसिया अपने साथियों के साथ आकर उसे मारने लगे । लड़की ने  अपने माता-पिता को सारी बात बताने के साथ इसकी सूचना नजदीक के थाने इंदिरा नगर में भी दी । पुलिस पीड़ितों को 3 दिनों से चक्कर लगवा रही है । पुलिस न तो रिपोर्ट ही लिख रही है और न ही पीड़ित की बात ही सुन रही है ।