कछौना(हरदोई): इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय व उन्नयन गैर सरकारी संस्था के संयुक्त तत्वाधान से विकासखंड कछौना की ग्रामसभा बरवा सरसण्ड में शैक्षिक जागरूकता शिविर व स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया जिसमें ग्रामीण जनमानस को स्वच्छता के लिए जागरुक किया गया।
शिविर के माध्यम से आमजनमानस ने शिक्षा के महत्व को समझा। जागरूकता शिविर में सहायक क्षेत्रीय निदेशक रीना कुमारी ने बताया कि इग्नू सामान्य पद्धति के तहत लोगों को शिक्षा से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। यह गरीब व अनुसूचित जाति के परिवारों को निःशुल्क पाठ्यक्रम के माध्यम से अलग-अलग विषयों पर योग्य बनाते हैं। जिससे वह जीवन की मुख्यधारा से जुड़ जाते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में 30 जून तक प्रवेश ले सकता है।
इस अवसर पर समाज सेविका सुनीता सिंह ने जीवन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वच्छ माहौल में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। ग्रामीणों को जागरुक करने के लिए ग्रामसभा में स्वच्छ रैली निकाली गई। इस अवसर पर ग्रामप्रधान महेंद्र कुमार, ग्राम रोजगार सेवक रजनीश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण पुरुष व महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रिपोर्ट: पी०डी० गुप्ता