दस साल पहले जिस व्यक्ति की मौत हो चुकी है, वह व्यक्ति बिजली की कटिया डाल कर चोरी कर रहा है। यह कहती है पुलिस की वह रिपोर्ट जिसमें विद्युत विभाग के जेई ने बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इससे मामले की विवेचना करने वाले विवेचक खासे परेशान है।
हैरान करने वाला यह मामला शाहाबाद कोतवाली के मोहल्ला चौक का है।यहां कुछ दिन पहले विद्युत विभाग के जेई किशनलाल ने 20 फरवरी को 18 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे की विवेचना कर रहे विवेचक अब खासे परेशान हैं। विद्युत विभाग ने जिस रामशरण मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, उनकी मृत्यु 10 वर्ष पूर्व हो चुकी है।
यह मामला शाहाबाद नगर के मोहल्ला चौक का ही है।यूं तो बिजली की चोरी पर कोई लगाम नही है शाहाबाद में लेकिन विद्युत चेकिंग करते हुए जेई रामशरण के मकान तक पहुंच गए,जहां उन्हें कटिया डालकर बिजली चोरी होती दिखाई दी।उन्होंने बिना रामशरण मिश्र से बात किए कोतवाली में उनके खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत करवा दिया।कोतवाली के उप निरीक्षक जब मुकदमे की विवेचना करने पहुंचे तो पता चला कि वह तो 10 साल पहले ही मर चुका है।एसपी बिपिन कुमार मिश्र ने बताया कि वह जेई से बात कर इस मामले में आगे की कार्रवाई करेंगे।