चयनित कंपनी में कार्य प्रारम्भ करें और अपनी कुशलता को निखारते हुए प्रगति के पथ पर बढ़ें :- एडीएम
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरदोई तथा कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में आई॰टी०आई॰ परिसर, लखनऊ चुंगी, हरदोई में आयोजित एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया और कौशल विकास मिशन से 10 तथा आई०टी०आई० से 15 प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किये।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अभ्यर्थियों को सम्बोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के अधिक से अधिक युवक/युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु इस वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया है और इस मेले में 31 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग कर 3015 लोगों का रोजगार के लिए चयन किया जायेगा। उन्होने कहा किसी भी कार्य को छोटा न समझे और चयन के उपरान्त अनुभव के आधार पर चयनित कंपनी में कार्य प्रारम्भ करें और अपनी कुशलता को निखारते हुए प्रगति के पथ पर बढ़ें। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी मीता गुप्ता ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अधिकारियों, कंपनियों एवं अभ्यर्थियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनपद के अधिक से अधिक युवक/युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आगे भी उक्त विभागों के तत्वाधान में इसी तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जायेगा।
उद्घाटन अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, उप कृषि निदेशक डा0 आशुतोष कमार मिश्रा, प्रधानाचार्य आईटीआई, हरदोई आर0एस0 यादव, एई डीआरडीए राजेश सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, पत्रकार बन्धु एवं भारी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।