यह मूल्य एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2022-23 के लिए मंजूर किए गए है और इस वर्ष एक दिसम्बर से अगले वर्ष 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेंगे। नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि चीनी मिलों में शीरा से बने इथेनॉल का मूल्य 46 रुपये 66 पैसे से बढ़ाकर 49 रुपये 41 पैसे प्रति लीटर कर दिया गया है।
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार ने 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच साल पहले तय कर दिया है। पहले ये लक्ष्य पांच साल के लिए 2030 तक रखा गया था, अब इसे घटाकर 2025 कर दिया है। श्री पुरी ने बताया कि ई-20 ईंधन पायलट परियोजना के तहत अगले वर्ष से पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध होने की संभावना है।
सरकार ने कहा है कि भट्टियों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा और बड़ी संख्या में डिस्टिलरी कारखाने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के लिए इथेनॉल की आपूर्ति कर पाएगे। एथेनॉल आपूर्तिकर्ताओं को समुचित कीमत मिलने से गन्ना किसानों को उनकी उपज का भुगतान जल्द हो पाएगा।
सरकार इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम चला रही है जिसके तहत तेल विपणन कंपनियां 10 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल बेचती है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल और वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है।