कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हंगामा मच गया । जब कोर्ट के अंदर एसडीएम सवायजपुर और जिला अध्यक्ष कांग्रेस के आशीष सिंह एडवोकेट के बीच पहले तो बहस हुई ,बहस के बाद वाद विवाद इतना बढ़ गया की कोर्ट की मर्यादा लांघते हुए एसडीएम सवायजपुर सर्वेश गुप्ता अपनी चेयर से उठ कर मारने दौड़े। मौके की गंभीरता को देखते हुए लोगो ने मामला शांत करवाया। पर वहाँ पर मौजूद लोगो ने इस घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मिडिया पर चर्चा का विषय बना है।
वायरल वीडियो की तस्वीरो में साफ देखा जा सकता है कि कोर्ट में नामांकन वापसी का कार्य चल रहा है कोर्ट में एसडीएम सर्वेश गुप्ता रिटर्निंग ऑफिसर होने के नाते बैठे हैं। चूँकि नाम वापसी का आज आखिरी दिन है तो लोग पर्चा वापसी के लिए आये हैं। ऐसे में कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट आशीष सिंह से कुछ लोगों ने शिकायत की कि निर्विरोध निर्वाचन के चक्कर में सत्तापक्ष के लोग जबरदस्ती पर्चा वापस करा रहे हैं और इसमें रिटर्निंग ऑफिसर सर्वेश गुप्ता मदद कर रहे है । जबकि नियमानुसार 3 बजे से पहले – पहले पर्चा वापस होना चाहिए। पर ऐसा नहीं हो रहा है।
कोर्ट में खड़े कांग्रेस अध्यक्ष आशीष सिंह और रिटर्निंग अफसर एसडीएम सर्वेश गुप्ता का प्रशासनिक और राजनैतिक ड्रामा देखिए—–
कांग्रेस अध्यक्ष आशीष सिंह एसडीएम से बोले- कि ये क्या हो रहा है ?
एसडीएम :- चुप रहिये आप तो ।
अध्यक्ष बोले क्या तीन बजे के बाद पर्चा वापस हो जाएगा ।
इतने में एसडीएम आग बबूला हो उठे और चिल्लाते हुए बोले चुप रहिये कीप क़्वाइट – शांत रहिये ।
अध्यक्ष बोला नहीं रहूँगा तो क्या करेंगे ?
इतने में गुस्से में एसडीएम कुर्सी धकेलते हुए चिल्लाए । बताऊँ अभी मैं क्या कर सकता हूँ और कांग्रेस अध्यक्ष को मारने के लिए दौड़े। सिक्योरटी से बोले निकालो इसको कोर्ट से बाहर।
इतने में अध्यक्ष बोले कि कांग्रेस अध्यक्ष हूँ मैं , आप इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकते। गर्मी मत दिखाइयेगा हमको।
एसडीएम बोले चल भाग, निकल यहाँ से ।
काफी देर तक इस तरह की अमर्यादित भषा का प्रयोग एसडीएम करते रहे। इसी बीच कुछ लोगों ने इस घटना के अलावा कोर्ट के अंदर लगी घड़ी को भी कैमरे में कैद कर लिया । अब ये वीडियो सोशल मिडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल जिला योजना समिति निकाय सदस्य पद का आज नामांकन वापसी का अंतिम दिन था । जिसमे तीन बजे से पहले – पहले नाम वापसी कर सकते थे। पर नियम के विरुद्ध जब सत्ता पक्ष के प्रत्याशी को निर्विरोध कराने की शिकायत जिला कांग्रेस अध्यक्ष को दी गयी कि जबर्दस्ती सत्तापक्ष का प्रत्याशी विपक्ष को लाकर पर्चा वापस करा रहा है और टाइम पूरा होने के बाद तो उन्होंने इसका विरोध किया। कांग्रेस अध्यक्ष आशीष सिंह इस मामले को हाई कोर्ट में रखने की बात कर रहे है । जब सारे हंगामे के बारे में एडीएम विमल अग्रवाल से पूछा तो उन्होंने भी जांच की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।