कल ग्रेटर नोएडा के भारतीय प्रदर्शनी केन्द्र और मार्ट में होम एक्सपो इंडिया का वस्त्र तथा सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्रीमती ईरानी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय उत्पाद दुनिया भर के उपभोक्ताओं की जरूरतों और मांगों को पूरा करेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि हस्तशिल्प निर्यात बीस प्रतिशत के लक्ष्य से अधिक रहेगा। तीन दिन की इस प्रदर्शनी का आयोजन हस्तशिल्प निर्यात संर्वद्धन परिषद ने किया है।
तीन दिन के एक्सपो में 650 से अधिक भारतीय निर्यातक हिस्सा ले रहे हैं। यहां पर हाऊस वेयर, टैक्सटाइल और फर्नीचर तीनों कैटेगरी के उत्पाद प्रदर्शित किये जा रहे है। ये बिजनेस टू बिजनेस शो है जहां टेबल वेयर, होम टैक्सटाइल, रसोई, घरेलू सामान और बाथरूम के सामानों की विस्तृत श्रृंखला देखी जा सकती है। इस उद्योग से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय खरीदार और अग्रणी उत्पादक और निर्यातक यहां एक ही मंच पर नजर आ रहे है। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद दुनियाभर में भारतीय हस्तशिल्प के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए पिछले 24 सालों से इस मेले को साल में दो बार आयोजित करती आ रही है।