चौकी इंचार्ज की भावभीनी विदाई के साथ नवागत चौकी प्रभारी का किया गया स्वागत

गौसगंज (हरदोई) : थाना कासिमपुर के अंतर्गत गौसगंज चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज बालेंद्र कुमार मिश्र का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक के पीआरओ के रूप में हुआ है।

श्री मिश्र का कार्यकाल गौसगंज चौकी पर मात्र लगभग 2 माह का रहा। इस अल्प अवधि में वह युवाओं के रोल मॉडल बन गए। क्षेत्र की छोटी से छोटी घटनाओं की जानकारी तत्काल उनके संज्ञान में आती थी। वह उन घटनाओं की निष्पक्ष तरीके से जांच कर उनका निराकरण करते थे। उनकी प्राथमिकता अवैध कटान, कच्ची शराब एवं चोरी पर अंकुश लगाने की थी। जिसके लिए वह समय-समय पर अभियान के रूप में उचित कार्यवाई करते थे। वहीं अवैध धंधों के खिलाफ कार्यवाही से क्षेत्र में होने वाली घटनाओं में कमीं आई है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिक राजेश सिंह प्रधान तेरवा दहिगवां, प्रबंधक रवीश कुमार सिंह उर्फ टिंकू व शरद पटेल समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने माल्यार्पण कर भावभीनी बिदाई दी। उनके द्वारा इस अल्प अवधि में की गई कार्यशैली की सराहना की एवं नवागत चौकी इंचार्ज जनार्दन सिंह द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के साथ उनका स्वागत कर उन्हें भी बधाइयां दी। साथ ही चौकी इंचार्ज से बने पीआरओ एवं नवागत चौकी इंचार्ज के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

उप निरीक्षक बालेंद्र मिश्र ने बताया कि यहां का कार्यकाल उन्हें हमेशा याद रहेगा। आप सभी के भरपूर सहयोग से मैंने इस अल्प समय में अपने कर्तव्यों को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाया। मैं क्षेत्र की समस्त जनता का सदैव आभारी रहूंगा एवं पुलिस अधीक्षक पीआरओ के रूप में आप सभी के सहयोग हेतु मैं हमेशा तत्पर रहूंगा।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता