सलोनी मित्तल सोशल मीडिया पर धूम मचा रही हैं ।
छोटे से गांव में बड़े सपने देखने का साहस, आज लाखों लोगों की हैं प्रेरणा ।
कहते हैं आपकी सुविधाएं और शहर छोटा भी हो, लेकिन आंखों में पल रहे सपने बड़े और बुलंद हों तो उन्हें पूरा होने से कोई रोक नहीं सकता। राजस्थान के छोटे से गांव छोटी पीलीबंगा की रहने वाली सलोनी मित्तल इन्हीं बातों को सार्थक कर कई लड़कियों को सपने देखने और पूरा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आइए बात करते हैं तमाम चुनौतियों से लड़ते हुए अपने सपनों के लिए निरंतर बढ़ती रहने वाली सलोनी मित्तल की।
मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली सलोनी ने मंजिल का पीछा करते हुए अपनी मेहनत के बदौलत गांव से निकलकर महानगर तक का रास्ता अपनाया और वर्तमान में कई युवाओं की प्रेरणा हैं। इंटर तक की पढ़ाई के बाद ही उन्होंने ठान लिया कि खुद को उसी दिशा में लेकर जाएंगी जिसमें उनकी दिलचस्पी है।
सीए की परीक्षा में देश भर में 41वां रैंक लाने के बावजूद सलोनी ने अपनी हत्सकला को ज्यादा महत्व दिया और फाइन आर्ट्स को अपना पेशा चुना। सरप्राइजेज वर्ल्ड के नाम से फाइन आर्ट्स का बिजनेस शुरू कर उन्होंने देश भर से ऑर्डर लेना शुरू कर दिया। इस बीच उन्होंने मॉडलिंग की अपनी दिलचस्पी को भी खत्म नहीं होने दिया और काम के साथ साथ उस सपने को पूरा करने की राह भी तलाशती रहीं जो वो गांव से अपनी आंखों में भरकर लाई थीं।
बीते साल कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन में उन्हें एहसास हुआ कि लोगों तक पहुंचने और उनसे संपर्क बनाने के लिए सोशल मीडिया एक अच्छा प्लैटफॉर्म हो सकता है। सलोनी ने लोगों के मनोरंजन के लिए सोशल मीडिया पर कंटेंट डालने शुरू किए और मेहनत रंग लाई। कई रातों की आधी नींद के बाद एक समय ऐसा आया कि उनका एक वीडियो खूब वायरल हुआ और रात भर में ही इंस्टाग्राम पर डेढ़ लाख फॉलोवर्स बढ़ गए। आज की तारीख में यूट्यूब पर भी उनके सब्सक्राइबर्स की अच्छी खासी संख्या है।
इसी बीच भाग्य ने भी सलोनी की कड़ी परीक्षा ले ली। मॉडलिंग और सोशल मीडिया पर उन्होंने नाम कमाना शुरू ही किया था कि पैरालाइसिस के एक झटके ने अचानक सब पर ब्रेक लगा दिया। सलोनी का चेहरा समेत आधा शरीर इसकी चपेट में आ चुका था। डॉक्टरों ने साफ कह दिया कि वो यह बताने में असक्षम हैं कि सलोनी पूरी तरह ठीक कब होंगी। ऐसी विकट परिस्थिति में भी सलोनी ने हिम्मत नहीं हारी और तीन से चार महीने के बाद उनमें सुधार होने लगा।
पूरी तरह ठीक होकर सलोनी ने जब सोशल मीडिया पर वापसी की तो फैंस का उत्साह देखते ही बन रहा है। सलोनी कहती हैं कि इन सभी परिस्थितियों से उन्हें उनकी सकारात्मक सोच और सपने देखने की ललक ने जीत दिलाई है। अपने बिजनेस के साथ ही सलोनी बॉलीवुड की कई हस्तियों के साथ प्रोजेक्ट कर रही हैं। उनका मानना है कि उनकी तरह हर लड़की अपनी मर्जी से अपने लिए सपने देख सकती है और मेहनत के बल पर उन्हें पूरा भी कर सकती है।