कासगंज विवाद को लेकर फेसबुक पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली टिप्पणी, दर्ज हुआ मुकदमा

        कासगंज में विवाद के चलते फेसबुक पर घटना को लेकर अभद्र टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जिसके फेसबुक एकाउंट से यह टिप्पणी पोस्ट की गई उसको गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक रोडबेज बस का ड्राइवर है।
        सोशल साईट्स पर धार्मिक भावनाएं भड़का कर सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास किये जाने का यह मामला हरदोई के कोतवाली कछौना का है। यहां के कस्बा निवासी मोहम्मद सलमान सल्लू के फेसबुक एकाउन्ट से एक पोस्ट डाली गई जो काफी विवादित थी और धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली थी। इस पोस्ट के समर्थन में तीन अन्य युवकों की फ़ोटो भी पोस्ट की गई थी।
        सोशल मीडिया पर जैसे ही यह पोस्ट हुई कुछ देर बाद इसकी चर्चा शुरू हुई तो लोगों में आक्रोश फैलने लगा। मामले की जानकारी हरदोई में उच्चाधिकारियों को लगी तो पुलिस सक्रिय हो गयी और आनन फानन में युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक को गिरफ्तार कर रोडबेज के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गयी। कोतवाली कछौना में युवक व उसके अन्य साथियों के विरुद्ध सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा कस्बा निवासी बीके सिंह की तहरीर पर दर्ज किया गया है।