अज्ञात कारणों से टेंट हाउस गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक़

दीपक कुमार श्रीवास्तव :

कछौना (हरदोई)। कस्बा कछौना के स्टेशन रोड स्थित एक टेंट हाउस गोदाम में बुधवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग को बुझाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों सामान जल कर खाक हो चुका था। घटना में करीब दो लाख से तीन लाख रुपये के सामान जल जाने की बात बताई जा रही है।

कस्बा कछौना के वार्ड नंबर 10 निवासी मोहम्मद हमीद का कस्बे के स्टेशन रोड स्थित बाबूलाल पुलिया पर एवन टेंट हाउस नाम से गोदाम है। बुधवार की दोपहर अज्ञात कारणों से गोदाम की पहली मंजिल में आग लग गई। गोदाम के सामने स्थित दुकानों के दुकानदारों में से एक ने गोदाम के प्रथम तल से धुंआ निकलता देख गोदाम के बाहर बैठे टेंट हाउस संचालक मोहम्मद हमीद को इसकी जानकारी दी। टेंट हाउस संचालक ने ऊपर जाकर देखा तो तेज़ आग की लपटें जल रही थी। रिहायशी इलाके में यूँ अचानक आग लगने से आसपास के दुकानदारों व घरों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टेंट हाउस मालिक ने आनन-फानन में नगर पंचायत प्रशासन व फायर सर्विस को घटना की सूचना दी। आग पर काबू पाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने तत्काल पानी की सप्लाई चालू करते हुए घटनास्थल पर पानी का टैंकर भिजवाया। आसपास के दुकानदार व अन्य राहगीर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए, मगर आग की लपटें और तेज होती गई। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस की मदद से दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। मगर तब तक गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो चुका था। गनीमत की बात यह रही कि गोदाम के नीचे स्थित गोला-बारूद की दुकान तक आग पहुँचने से पहले ही आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे की संभावना को टाल दिया गया। टेंट हाउस संचालक मोहम्मद हमीद ने बड़ी संख्या में जलकर खाक हुए रजाई, गद्दे, पर्दे, महराब, चांदनी तथा अन्य टेंट के सामान के नुकसान की अनुमानित कीमत 2 से 3 लाख के बीच बताई है। फिलहाल आग लगने की इस घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं टेंट हाउस कर्मचारी द्वारा धूम्रपान करने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली कछौना पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।