वरासत अभियान में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों को विशेष वरासत अभियान में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए हैं।

मालूम हो कि इस समय निर्विवाद उत्तराधिकारों को खतौनियों में दर्ज कराने के लिए प्रदेश के समस्त ग्रामों में विशेष वरासत अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 15 दिसम्बर, 2020 से 15 फरवरी, 2021 तक चलाया जाएगा। अब तक प्रदेश के 1,08,920 राजस्व ग्रामों में से 51,804 राजस्व ग्रामों में राजस्व अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर खतौनियां पढ़ी गईं। इस दौरान कुल 1,35,686 आवेदन प्राप्त किए गए।

मुख्यमंत्री कार्यालय से ज़ारी सूचना के अनुसार आवेदक की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नम्बर तथा ई-मेल आई.डी. की व्यवस्था की गई है। आवेदक द्वारा राजस्व परिषद की हेल्पलाइन 0522-2620477, @CMHelpline1076 तथा ई-मेल आई.डी. abhiyanvarasat@gmail.com पर सम्पर्क कर विशेष वरासत अभियान के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है अथवा समस्या के निदान हेतु सम्पर्क किया जा सकता है।