निर्माणाधीन मकान गिराने में चली गोलियाँ, दो गम्भीर घायल

● निर्माणाधीन मकान गिराने में एक पक्ष ने दूसरे पर बरसाई गोलियां, दो लोग हुए गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक ।

● ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्र में फैली सनसनी ।

कौशाम्बी। चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव में विवादित भूमि पर रात में दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच निर्माणाधीन मकान को गिराने लगे। जिससे दोनों पक्षों में विवाद खूनी खेल में बदल गया। एक पक्ष ने लाइसेंसी असलहे से दूसरे पक्ष पर गोलियां बरसा दी। जिससे दो लोगों को गोली लग गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

गोली कांड की जानकारी होते ही घटनास्थल पहुंच चरवा पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। जिससे एक व्यक्ति के सिर पर गोली जबकि दूसरे व्यक्ति के सीने में गोली लगी है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख दोनों घायलों को प्रयागराज स्थित एस आर एन अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दरअसल जिस जमीन पर गांव का एक परिवार मकान का निर्माण कर रहा था। ठीक उसी के पीछे बने मंदिर में गांव के लोग आकर पूजा पाठ करते हैं। एक पक्ष के लोगों का कहना है कि यदि आगे घर बन जाएगा तो मंदिर आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसी वजह से विवाद चल रहा था। दूसरे पक्ष शनिवार को चायल एसडीएम से स्थगन आदेश भी लाया था। उनका कहना है कि स्टे होने के बाद भी रात में मकान निर्माण किया जा रहा था। फिलहाल दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने लाइसेंसी असलहे सहित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि काजू गांव में एक मकान का निर्माण हो रहा था। दूसरे पक्ष एसडीएम से स्थगन आदेश लाया था। इसके बाद पुलिस ने काम बंद करवा दिया था। रात को दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे और निर्माणाधीन मकान गिराने लगे। पहले पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दिया। जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कौशाम्बी से जिला ब्यूरो चीफ एमडी मौर्य की रिपोर्ट