फसल की रखवाली कर रहे चौकीदार की सिर कुचलकर हत्या

सिराथू, कौशांबी : यूपी के कौशाम्बी ज़िले के सैनी में कृषि फ़ार्म की रखवाली कर रहे वृद्ध चौकीदार की डंडा व ईंट से सिर कुचलकर हत्या किये जाने से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी।

वृद्ध की हत्या सैनी कोतवाली से महज़ चंद कदमों की दूरी पर होने से सैनी पुलिस पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा है। इससे दो दिन पहले भी कोखराज़ थाने के सामने डबल मर्डर हुआ था। लगातार हो रही हत्याओं से लोगों के अंदर पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त हैं। वहीं अपराधी पुलिस के नाक के नीचे हत्या जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देकर कौशांबी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार चक सैनी गाँव निवासी सुरेश कृषि फ़ार्म में चौकीदारी करता था। बीती रात खाना खा कर फ़सल की रखवाली के लिये वो कृषि फ़ार्म चला गया।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने वृद्ध की खून से सनी लाश देखी तो सन्न रह गए। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। जानकारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी अभिनन्दन, सीओ सिराथू रामवीर सिंह व फील्ड यूनिट की टीम डॉग स्कॉयड के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में इस्तेमाल ईट व डंडे को बरामद कर लिया तथा शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने अपना रटा रटाया जवाब दिया। जल्द ही घटना का पर्दाफाश हो जाएगा।

IV24 न्यूज़ सिराथू कौशाम्बी से मनोज कुमार की रिपोर्ट