जनपद हरदोई के कोतवाली कछौना इलाके में बाइक चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र में बाइक चोर गिरोह की सक्रियता बेखौफ जारी है। गिरोह के लोग बेखौफ होकर दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार को चोरों ने एक और बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया। बीते एक महीने के भीतर यह पांचवी बाइक चोरी की वारदात है। जहाँ पुलिस बाइक चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। वहीं बढ़ती बाइक चोरी की घटना से लोगों में दहशत फैल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार कछौना क्षेत्र के रामनगर हथौड़ा रोड कुकही निवासी विजय विश्वकर्मा अपनी माता के साथ नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया में पैसा निकालने के कार्य से आए थे। अपनी बाइक को बैंक के बाहर खड़ी कर अंदर गए वापस आने पर देखा बाइक गायब है, आसपास खोजने पर भी बाइक नहीं मिली। पीड़ित ने इस घटना की सूचना कोतवाली में दे दी है । खास बात यह है कि नगर में बाइक चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है पिछले 1 महीने मेंयह पांचवी बाइक चोरी की वारदात है। कुछ चोरियों के मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। पुलिस प्रशासन के द्वारा मामले की तफ्तीश कर बाइक चोर गिरोह का पता लगाने के प्रयास जारी होने की बात कही जा रही है बावजूद इसके पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।
नगर में एक के बाद एक हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत फैल रही है वहीं ऐसा माना जा रहा है कि क्षेत्र में एक बाइक चोर गिरोह सक्रिय है। जिसके सदस्य बेखौफ होकर दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहै हैं। नगर में हो रही बाइक चोरियों पर विराम लगाने के लिए स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाही के संबंध में जब प्रभारी निरीक्षक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बाइक चोरियों के मामले संज्ञान में आए हैं। बाइक चोरी की घटनाओं को रोकने और मामलों के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। जल्द ही बाइक चोरी के मामले का खुलासा कर दोषियों पर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।