कछौना (हरदोई)। जनपद हरदोई के नगर निकाय कछौना क्षेत्र में जलापूर्ति की एक इकाई में आई तकनीकी खराबी के चलते पिछले 24 घण्टे से भी ज्यादा समय से जल आपूर्ति बाधित चल रही है। भीषण गर्मी में जल आपूर्ति बाधित होने से नगरवासियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जलापूर्ति ठप होने के कारण चारों तरफ पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। नगर प्रशासन ने इकाई में आई तकनीकी खराबी को दूर कराकर गुरुवार शाम तक जल आपूर्ति बहाल किये जाने की बात कही है।
नगर प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पेयजल आपूर्ति के लिए नगर में दो इकाइयां हैं। बुधवार को जिसमें से एक इकाई के मोटर में आई तकनीकी खराबी के कारण इकाई ठप हो जाने से नगर की आधी से भी अधिक आबादी की जलापूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी में जलापूर्ति बाधित होने से लोग दिक्कत में आ गए।बुधवार से बाधित हुई जल आपूर्ति के बहाल न हो पाने से नगर कछौना के लोगों के लिए गुरुवार का दिन बेहद परेशानी भरा रहा। लोग सुबह से ही पानी के इंतजाम के लिए इधर उधर भटकते रहे। नगर में लगे अधिकांश इंडिया मार्का नल खराब होने की वजह से नगर के कई परिवारों के महिला पुरुष और बच्चों को बाल्टियों के साथ दूर-दराज के नलों पर पानी भरने के लिए पैदल तो कुछ कुछ को साइकिल, स्कूटी से लंबी दौड़ लगाते देखा गया। तो कुछ ने पड़ोसियों के घर लगे सबमर्सिबल पम्प से पानी भरकर काम चलाया।
नगर की 24 घंटे से अधिक समय से बाधित चल रही जलापूर्ति के संबंध में जब नगर पंचायत कछौना-पतसेनी की अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मोटर में आई तकनीकी खराबी की वजह से जल आपूर्ति बाधित हुई है, गुरुवार दोपहर तक खराबी को दूर कराकर खाली पानी की टंकी को भरा जाएगा। जिसके बाद शाम तक नगरवासियों को पुनः जलापूर्ति मिल सकेगी।