बदायूँ: 12 दिसम्बर। आयुष्मान भारत मिशन योजना अन्तर्गत बीपीएल, हाथ ठेले वाले, श्रमिक वर्ग, कामगार, शिल्पकार आदि को शामिल किया गया है। इस योजना के तहत कार्ड जारी होने वाले गोल्ड कार्ड धारक पांच लाख रुपए तक निश्चित स्थानों पर निःशुल्क इलाज करा सकते हैं।
गुरुवार को नगर विकास राज्य मंत्री महेश चन्द्र गुप्ता ने जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त के साथ जिला अस्पताल में बने जीरियाट्रिक आयुष्मान वार्ड एवं आयुष्मान वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया। आयुष्मान वार्ड में 60 वर्ष से कम उम्र के कार्ड धारकों एवं जीरियाट्रिक आयुष्मान वार्ड में 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आयुष्मान गोल्ड कार्ड धारकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर विकास राज्य मंत्री ने कहा कि कार्ड धारकों के लिए बेहतर सुविधा की व्यवस्था है। इस योजना के कार्ड धारक अपने परिवार के सदस्यों का पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज करा सकता है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आयुष्मान मिशन के अंतर्गत केन्द्रीय क्षेत्र के सभी मामले शामिल हैं। इस योजना में प्रति वर्ष प्रति परिवार को 5 लाख रुपये का लाभ प्रदान किया गया है।
डीएम ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से है। इस योजना अन्तर्गत आयुष्मान गोल्ड कार्ड धारक इसका लाभ उठा पाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर एक साथ 40 हजार कार्ड बनवाए गए हैं। इस योजना के तहत जनपद में एक लाख लोगों को अच्छादित किया जा चुका है। जनपद में 14 सरकारी और 08 प्राइवेट चिकित्सा केन्द्र निर्धारित हैं, जहां कार्ड धारक अपना निःशुल्क इलाज करा सकते हैं। आयुष्मान भारत मिशन योजना के अन्तर्गत 364 मरीजों का इलाज किया जा चुका है। इस योजना का लाभ दिलाया जा चुका है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 मनजीत सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।