प्रेस की स्‍वतंत्रता लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत

सूचना और प्रसारण मंत्री स्‍मृति ईरानी ने कहा है कि भारतीय मीडिया तेजी से बढ़ रहा है और डिजिटल दुनिया को चुनौती मानने के साथ ही बड़ा अवसर भी मान रहा है। नई दिल्‍ली में 15वें एशिया मीडिया शिखर सम्‍मेलन का उद्घाटन करते हुए श्रीमती ईरानी ने कहा कि 2021 तक देश में इंटरनेट का इस्‍तेमाल करने वालों की संख्‍या 96 करोड़ 90 लाख से ज्‍यादा हो जाएगी। उन्‍होंने आज के डिजिटिकरण के दौर में रेडियो की ताकत का भी जिक्र किया।

स्‍मृति ईरानी ने कहा कि मैं ये अवश्‍य कहना चाहूंगी कि आज के डिजीटाइेजेशन संसार के दौर में रेडियो की ताकत इतनी अधिक है कि हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री जी अपने कार्यक्रम मन की बात के जरिए देश के लगभग हर नागरिक तक पहुंचने की कोशिश करते हैं, क्‍योंकि ये कार्यक्रम देश की चौबीस भाषाओं में प्रसारित किया जाता है और देश की 86.88 प्रतिशत जनता इस कार्यक्रम को सुनती है। इस अवसर पर केन्‍द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इंटरनेट पर कुछ लोगों का आधिपत्‍य नहीं है और इसे स्‍थानीय सोच और संस्‍कृति से जुड़कर निरपेक्ष ढंग से काम करना चाहिए। श्री प्रसाद ने कहा कि प्रेस की स्‍वतंत्रता लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में डिजिटल इंडिया नये कीर्तिमान स्‍थापित कर रहा है।