कल से राष्‍ट्रपति तीन देशों की नौ दिन की यात्रा पर

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद कल सुबह तीन देशों- ग्रीस, सूरीनाम और क्‍यूबा की यात्रा पर रवाना होंगे। उनके साथ एक शिष्‍टमंडल भी जाएगा। इसमें इस्‍पात राज्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साई और कुछ संसद सदस्‍य शामिल हैं। राष्‍ट्रपति नौ दिन की यात्रा के पहले चरण में एथेंस पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए जाएंगे।

भारत और ग्रीस के बीच सदियों से घनिष्‍ठ संबंध रहे हैं। शांति और लोकतंत्र के प्रति समान विचारों के साथ मौजूदा दौर में भी दोनों देशों के सम्‍बन्‍धों में विशेष प्रगति हुई है। सूरिनाम के साथ भी भारत के संबंध मित्रतापूर्ण रहे हैं। वहां बड़ी संख्‍या में भारतीय मूल के लोगों की उपस्थिति से संबंधों को और मजबूती मिली है। राष्‍ट्रपति कोविंद, सुरिनाम के राष्‍ट्रपति के साथ अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। भारत और क्‍यूबा के बीच भी एतिहासिक संबंध रहे हैं। दोनों देश कूटनिर्पेक्ष आंदोलन के संस्‍थापक सदस्‍य रहे हैं। ग्रीस, सुरिनाम और क्‍यूबा संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षापरिषद में सुधारों को लेकर भारत के रूख का समर्थन करते हैं।