जनरल बिपिन रावत का नेपाल का तीन दिवसीय दौरा सम्पन्न

सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने नेपाल का तीन दिवसीय दौरा सम्पन्न कर लिया है और भारत वापस आ गए हैं । नेपाली एकता के ढाई सौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जनरल रावत एक दिन पूर्व आयोजित नेपाली सेना दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए थे ।

राष्‍ट्रपति बिद्यादेवी भण्‍डारी से जनरल रावत ने आज सवेरे नेपाल में राष्‍ट्रपति भवन-शीतल निवास में मुलाकात की । स्‍वदेश रवाना होने से पहले भारतीय सेना अध्यक्ष नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से भी मिले । जनरल रावत ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भेंट के दौरान भारत और नेपाल के सेनाओं के बीच मजबूत संबंधों पर चर्चा की । उन्होंने नेपाल में भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की राष्ट्रपति भंडारी और प्रधानमंत्री देउबा को जानकारी भी दी । जनरल रावत नेपाली सेना युद्ध स्मारक पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए ।