अपर पुलिस अधीक्षक ने किया कोतवाली कछौना का निरीक्षण, परिसर में साफ-सफाई पर जताई संतुष्टि

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई)। जनपद में पदस्थ होने के बाद पहली बार बुधवार को कोतवाली कछौना पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनिल कुमार यादव ने कोतवाली परिसर सहित आवास, बैरक, मेस व कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अभिलेखों की जांच पड़ताल की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोतवाली परिसर में साफ’सफाई की बेहतर व्यवस्था को देखकर संतुष्टि प्रकट की और प्रभारी निरीक्षक सहित समस्त पुलिस स्टाफ को एकत्र कर वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु सावधानियां बरतने को जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण में तेजी से इजाफा हो रहा है। पुलिसकर्मी क्षेत्रवासियों से लगातार संपर्क में रहते हैं, ताजा मामलों में जनपद के कई थानों के पुलिसकर्मी भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। ऐसे में पुलिस कर्मियों को कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान कोतवाल रायसिंह, सहायक प्रभारी सुबोध कुमार सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।