मुस्लिम युवाओं के एक हाथ में कुरान शरीफ है तो दूसरे हाथ में कम्‍प्‍यूटर से होगा समग्र विकास

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में इस्लामिक विरासत-सहमति और समभाव संवर्धन विषय पर एक कार्यक्रम में कहा कि आतंकवाद और कट्टरवाद से लड़ाई किसी धर्म के विरूद्ध नहीं, बल्कि युवाओं को भ्रमित करने वाली मानसिकता के खिलाफ है । श्री मोदी ने कहा कि हर धर्म मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देता है । प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी धर्म असहिष्णुता और हिंसा नहीं सिखाता तथा जो लोग निर्दोष लोगों पर बर्बरतापूर्ण हमले करते हैं, उनका किसी धर्म से कोई रिश्ता नहीं हो सकता ।

श्री मोदी ने कहा कि सबसे बड़ी जरूरत यह है कि प्रगति के लिए एक तरफ युवाओं को मानवीय इस्लाम से जोड़ा जाना चाहिए और दूसरी तरफ, आधुनिक विज्ञान का इस्तेमाल किया जाए । आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ मुहिम किसी पंथ के खिलाफ नहीं है, ये उस मानसिकता के खिलाफ है, जो हमारे युवाओं को गुमराह करके मासूमों पर जुल्‍म करने के लिए अमाद है । प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, मुस्लिम युवाओं के सशक्तिकरण में कोई कसर नहीं छोड़ रहा । आपकी इतनी बडी तादाद में यहां मौजूदगी इस बात का संकेत है कि आपके जेहन में युवाओं की तरक्‍की पर ही नहीं उन्‍हें इंसानी उसूलों की तालिम पर भी तवज्‍जो है । समग्र विकास तभी संभव है जब आज यह देखें कि मुस्लिम युवाओं के एक हाथ में कुरान शरीफ है तो दूसरे हाथ में कम्‍प्‍यूटर है ।

जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला-द्वितीय बिन अल-हुसैन ने इस अवसर पर कहा कि दुनिया में शांति स्थापित करना भारत और जॉर्डन की समान जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि युवाओं को समृद्ध और सुरक्षित भविष्य देने की जरूरत है । शाह अब्दुल्ला ने नफरत और हिंसा के खिलाफ लड़ाई की आवश्यकता पर बल दिया । इसी के साश ही कल भारत और जॉर्डन ने रक्षा, स्वास्थ्य तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में 12 समझौतों पर हस्ताक्षर किये हैं । प्रसार भारती और जॉर्डन टीवी को-ऑपरेशन तथा भारतीय जन-संचार संस्थान और जॉर्डन मीडिया इंस्टीट्यूट के बीच समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किये गये हैं ।