ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

  • देहात कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-पिहानी मार्ग पर हुआ हादसा ।

हरदोई- देहात कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-पिहानी मार्ग पर अवध हास्पिटल के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक के पास मिले कागज व मोबाइल से पुलिस ने पहचान कराकर परिवारजनों को घटना की जानकारी दी। 

  देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेड़ा मजरा अनंग बेहटा निवासी रजनीश पुत्र रामऔतार ने युवक की पहचान अपने छोटे भाई जितेंद्र पाल (25) के रूप में की। उन्होंने बताया कि जितेंद्र दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। 15 दिन पूर्व दिल्ली से घर आया था। गुरुवार की शाम को पिहानी चुंगी पर किसी काम से गया था। हरदोई-पिहानी मार्ग अवध हास्पिटल के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसके पास मिले मोबाइल और कागज से पहचान कर परिवारजनों को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिवारजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारजनों को सौंप दिया।