आग से झुलसी विवाहिता ने तोड़ा दम, पिता ने सास व ससुर पर लगाया जिंदा जलाने का आरोप

हरदोई- बघौली थाना क्षेत्र में आग से झुलसी एक विवाहिता ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। विवाहिता के पिता ने सास, ससुर पर मिट्टी का तेल डालकर जलाने का आरोप लगाया है। 

  ग्राम कुड़रीपुरवा निवासी मीना कुमारी (22) पत्नी सुनील गुरुवार को आग से झुलस गई थी, जिसे परिवारजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवारजन उसे लखनऊ नहीं ले गए और देर रात मीना ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ससुर धनीराम ने बताया कि मीना का किसी बात को लेकर सास राजकुमारी से विवाद हो गया था। जिसके बाद मीना ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली थी। वहीं मीना के पिता राम नरायन निवासी पहाड़पुर थाना बघौली ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी छह वर्ष पूर्व सुनील के बड़े भाई सुशील से की थी। एक वर्ष के बाद सुशील की ट्रेन हादसे में मौत हो गई। पिछले वर्ष उन्होंने सुनील के साथ बेटी का विवाह कर दिया। सुनील दिल्ली में नौकरी करता है और मीना सास-ससुर के पास रहती थी। शादी में बाइक न देने को लेकर ससुरालीजन आए दिन उसे परेशान किया करते थे। गुरुवार को मिट्टी का तेल डालकर मीना को जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।