हरदोई- शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के कृषि उत्पादन मंडी के पास ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। जिसमें कार चालक की मौत हो गई। ट्रक ने कार में इतनी तेज टक्कर मारी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने घटना की जानकारी परिवारजनों को दी।
नगर के मुहल्ला अल्लाहपुर सैदीखेल निवासी शशांक उर्फ राहुल शुक्ला (30) पुत्र उमाशंकर शुक्ल मोबाइल की दुकान चलाता था और उनके तीन बच्चे हैं। पिता ने बताया कि रविवार की रात शशांक घर से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से गया था और स्वयं ही चला रहा था। शाहाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें शशांक घायल हो गया। हादसे के बाद शशांक को सीएचसी ले जाया गया, जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर मिले मोबाइल से पुलिस ने घटना की जानकारी परिवारजनों को दी। जानकारी पर परिवारजन सीएचसी पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज लगी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चालक ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।