विजय करन :
कौशांबी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के कुम्हियावां बाजार से ओवरलोड सरिया लादकर चित्रकूट जनपद के राजापुर जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई और तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दें कि थाना क्षेत्र के कुम्हियावां बाजार से एक ट्रैक्टर में सायं 4 बजे दुकानदार ने कई कुंतल सरिया लदवाकर चालक और तीन मजदूरो को राजापुर चित्रकूट भेजा था । नाबालिग चालक तेज रफ्तार से ट्रैक्टर चलाते हुए जा रहा था । अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर महेवाघाट थाने के सामने ही पलट गया । जिससे ट्रैक्टर पर बैठे मजदूर कल्लू पुत्र महावीर की मौके पर ही मौत हो गई । जबकि तीन मजदूर भी ट्रैक्टर के नीचे दबने से गंभीर रुप से घायल हो गये । जिन्हें घायल अवस्था में पुलिस ने जिला अस्पताल इलाज हेतु भेज दिया है ।
बता दें कि महेवा घाट थाना के सामने प्रतिदिन ओवरलोड वाहन फर्राटा भरते हुए गुजरते हैं लेकिन थाना पुलिस है कि आंख पर पट्टी बांध कर बैठी हुई है । जिसका परिणाम यह है कि आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं । सड़कों पर दौड़ने वाले ट्रैक्टरों के अधिकांश चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है । इसके बावजूद भी सड़कों पर ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं । दुर्घटना में घायल हीरालाल पुत्र महावीर, चालक बबलू पुत्र शिवलोचन व एक अन्य व्यक्ति जो मृतक का रिश्तेदार बताया जा रहा है । ट्रैक्टर कुम्हियावां के एक व्यापारी का बताया गया है, जिसने ट्रैक्टर पर काफी मात्रा में सरिया लोड करा कर राजापुर जनपद चित्रकूट भेजा था । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
सूत्रों की माने तो चालक बबलू सरोज पुत्र शिवलोचन के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था । आखिर व्यापारी बगैर ड्राइविंग लाइसेंस के चालक से कैसे चलवा रहा था ट्रैक्टर यह जांच का विषय है ?