कछौना, हरदोई। यातायात नियमों की अनदेखी के चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में आम जनमानस का जीवन प्रभावित हो रहा है। जिंदगी की रफ्तार के बीच सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है। बुधवार को लखनऊ पलिया राजमार्ग पर डबल नहर पुल पर दो पुल होने के कारण डीसीएम गलत दिशा में आ गई इसी बीच डीसीएम व मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल चालक सहित तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें हरदोई इलाज हेतु जाते समय एक युवक की दर्दनाक मृत्यु हो गई। दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र बघौली के ग्राम मरेउरा निवासी जुगुल किशोर अपने रिश्तेदार प्रवीण कुमार निवासी खिरौली थाना कोतवाली देहात व विष्णुलाल पुत्र साधू निवासी अहिगवां थाना शाहाबाद के साथ मोटरसाइकिल पर बुधवार को खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा में तेजी व अनियंत्रित डीसीएम ने लखनऊ पलिया हाईवे पर जोरदार टक्कर मार दी और खाई में जा गिरी। मोटरसाइकिल सवार तीनो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना कोतवाली कछौना को दी।
घटना के एक घंटे तक इमरजेंसी वाहन 108 मौके पर नहीं पहुंच सकी, कछौना पुलिस टीम ने एंबुलेंस को देर में आने के कारण घायलों को प्राइवेट वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर प्रभारी अधीक्षक डॉ० विनीत तिवारी की देखरेख में घायलों का तत्काल उपचार कराया गया। प्रवीण कुमार की हालत काफी गंभीर होने पर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। प्रवीण हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आई थी, जिसके कारण हरदोई ले जाते समय रास्ते में निधन हो गया। जुगल किशोर व विष्णु का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
डीसीएम चालक की अनदेखी से यह दुर्घटना घट गई। लापरवाही से कमाऊ व्यक्ति की जिंदगी चली गई। परिवार पूरे जीवन दंश झेलने को विवश है। डबल नहर महरी के पास डबल सड़क होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं, कोई संकेत सूचक न लगे होने के कारण आए दिन इस स्थान पर दुर्घटना होती है। मोटरसाइकिल चालक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शराब में धुत थे।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता