संदिग्ध परिस्थितियों में नवयुवक का शव आम के पेड़ से लटकता मिला

कछौना हरदोई : कोतवाली कछौना के अंतर्गत एक गांव में नव युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में एक बाग में लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सूत्रों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सभा आँटसाँट में श्याम सुंदर पुत्र शिशुपाल उम्र लगभग 18 वर्ष दिल्ली में मजदूरी करता था तीन दिन पूर्व ही घर वापस आया था। बीते शनिवार को सुबह दिल्ली वापस जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसका शव रविवार को राजकुमार के बाग में आम के पेड़ में साड़ी के सहारे लटकता मिला। खेत में गेहूं की कटाई कर रहे मजदूरों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुँचे मृतक के पिता ने पुत्र के रूप में पहचान की।

परिजनों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला हरदोई भेज दिया है। मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि मृतक नशे का आदी था फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।