● प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बांग्लादेश यात्रा के चार दिन पहले सोमवार को भारतीय संस्कृति मंत्रालय ने की घोषणा
22, मार्च, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बांग्लादेश यात्रा के चार दिन पहले सोमवार को भारतीय संस्कृति मंत्रालय ने बड़ी घोषणा की है। मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि 2020 का अंतरराष्ट्रीय गांधी शांति पुरस्कार बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान को दिया जाएगा।
मुजीबुर रहमान को बांग्लादेश राष्ट्र के जनक के रूप में जाना जाता है। संस्कृति मंत्रालय की तरफ से उन्हें यह पुरस्कार देना मोदी सरकार की विदेश नीति के तौर पर देखा जा रहा है। इस पुरस्कार से एक तरफ जहां भारत-बांग्लादेश के लोगों के बीच आपसी सौहार्द बढ़ेगा। वहीं दूसरी तरफ दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
संस्कृति मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, इस पुरस्कार को बांग्लादेश के पूर्व नेता को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली एक समिति द्वारा इस महीने की शुरुआत में देने के लिए चयन किया गया था। यह पुरस्कार पट्टिका के अलावा 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान करता है।
26 मार्च को ढाका जाएंगे मोदी
बांग्लादेश अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने पर कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसमें सबसे प्रमुख कार्यक्रम बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान का जन्म शताब्दी समारोह यानी ‘मुजीब दिवस’ है। जिसमें शामिल होने के लिए 26 मार्च को ढाका जा रहे हैं।
1995 से दिया जा रहा पुरस्कार
गांधी शांति पुरस्कार, भारत सरकार द्वारा 1995 से महात्मा गांधी की 125 वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में दिया जाने वाला एक वार्षिक पुरस्कार है। यह पुरस्कार व्यक्तियों और संस्थानों को अहिंसा और अन्य गांधीवादी तरीकों के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिवर्तन के लिए उनके योगदान के लिए दिया जाता है।
