दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई) – नगर पंचायत कछौना पतसेनी में बड़ी तादात में अपात्रों को आवास का लाभ दिए जाने की शिकायत पर शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश अपर जिला अधिकारी के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी संडीला द्वारा गठित जांच टीम के राजस्व लेखपाल के द्वारा कस्बे के मोहल्ला पूर्वी बाजार में आवंटित आवासों की जांच की गई। जांच के दौरान अपात्र लाभार्थियों में रिकवरी के डर से हड़कंप की स्थिति बनी रही।
बताते चलें कि कस्बा कछौना निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता योगेंद्र भइया ने नगर पंचायत कछौना-पतसेनी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की पात्रता सूची के सत्यापन में राजस्व लेखपाल, जांचकर्ता प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों व नगर पंचायत प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा अनियमितता बरतते हुए बड़ी संख्या में अपात्रों को पात्र कर आवास का लाभ प्रदान किए जाने की लिखित शिकायत उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से की थी। जिस पर उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा जिलाधिकारी हरदोई पुलकित खरे को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए थे। जिलाधिकारी पुलकित खरे के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी संजय सिंह द्वारा एसडीएम संडीला मनोज कुमार श्रीवास्तव को टीम गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच कराएं जाने का आदेश दिया गया। शनिवार को गठित जांच टीम के राजस्व लेखपाल राहुल सिंह ने कस्बे के मोहल्ला पूर्वी बाजार में पीएम आवास योजना लाभार्थियों के निर्मित व निर्माणाधीन आवासों की जांच पड़ताल करते हुए लाभार्थियों से पूछताछ की। जांच के दौरान पहले से ही पक्के मकान में रह रहे कुछ लाभार्थी भयवश मौके से नदारद मिले तो मौजूद मिले लाभार्थियों में दहशत की स्थिति बनी रही। जांचकर्ता राजस्व लेखपाल राहुल सिंह ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को जारी वित्तीय अनुमोदन आधारित सूची लेकर पुनः सोमवार को जांच करेंगे। जांच के दौरान राजस्व लेखपाल राहुल सिंह के साथ डूडा द्वारा अधिकृत प्राइवेट कर्मचारी विवेक सिंह व कौशलेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।