नरेन्द्र मोदी को ‘रावण’ कहना किसका अपमान?

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

यदि किसी ने नरेन्द्र मोदी को ‘रावण’ कहा है तो यह ‘रावण’ का अपमान है; क्योंकि रावण ‘महापण्डित’ थे और स्वाभिमानी थे। राम को भी ‘सेतुबन्ध रामेश्वरम्’ की स्थापना के समय रावण से ही अनुष्ठान कराना पड़ा था। रावण ने अपने पापकर्मो से मुक्ति प्राप्त करने के लिए सीता का अपहरण किया था; क्योंकि उन्हें ज्ञात था कि उनका संहार ‘राम’ के अतिरिक्त और कोई कर भी नहीं सकता। रावण ने सीता की प्रतिष्ठा करते हुए, उन्हें साध्वी त्रिजटा’ के संरक्षण मे ‘अशोक-वाटिका’ मे रखा था, जहाँ वे उनसे दूरी बनाकर संवाद करते थे। रावण चरित्रहीन नहीं थे; अपनी बात के धनी थे।

आज भी मध्यप्रदेश राज्य के मन्दसौर (दशपुर) मे ‘रावण’ की पूजा की जाती है। उल्लेखनीय है कि मन्दसौर रावण की पत्नी मन्दोदरी का मायका है। वहाँ के लोग दशहरा के अवसर पर रावण-पुतला-दहन करने के स्थान पर रावण को पिण्डदान करते हैं। (यहाँ ‘देते हैं’ अशुद्ध है।) मध्यप्रदेश के ही उज्जैन ज़िले के चिकली गाँव मे भी रावण की आराधना की जाती है। कर्नाटक के कोलार और आन्ध्रप्रदेश के काकीनाड़ा ज़िले मे ‘लंकेश्वर’ की आराधना की जाती है। मध्यप्रदेश के विदिशा मे एक ऐसा गाँव है, जिसका नाम ही ‘रावणग्राम’ है। राजस्थान के जोधपुर ज़िला मे रावणमन्दिर मे लंकेश्वर रावण की आज भी पूजा की जाती है। हिमाचलप्रदेश के ‘काँगड़ा’, महाराष्ट्र के ‘गढ़चिरौली’, उत्तरप्रदेश के बिसरख और कानपुर, बिहार के किसनगंज तथा देश के अन्य कई स्थानो मे भव्यता के साथ स्थापित लंकेशपति ‘रावण’ के मन्दिर मे गर्व और गरिमा के साथ पूजा-आराधना की जाती है।

स्मरणीय है कि मथुरा के एक संघटन ‘लंकेशभक्त-मण्डल’ ने नरेन्द्र मोदी और अयोध्यान्यास-समिति के पास २३ जनवरी, २०२१ ई० को एक पत्र भेजा था, जिसमे माँग की गयी थी कि अयोध्या के राममन्दिर मे रावण की एक भव्य मूर्ति लगवायी जाये, जिसका सारा व्यय ‘लंकेशभक्त-मण्डल’ संघटन वहन करेगा; परन्तु अनुमति नहीं दी गयी थी।

मान्यता है कि रावण लगभग १२ लाख वर्षों तक जीवित रहे। आदिवासी-स्रोत के अनुसार, रावण का उपनाम ‘मड़ावी’ (रावण मड़ावी) था।

इन सभी स्थानो के लोग को भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे/खरगे के विरुद्ध इस बात के लिए एफ० आइ० आर० लिखवानी चाहिए कि एक अति सामान्य व्यक्ति की तुलना महापण्डित, महायोद्धा, महास्वाभिमानी, महाशिवभक्ति लंकाधिपति ‘रावण’ से करके उनका (रावण का) महा-अपमान किया गया है। इससे सुस्पष्ट हो जाता है कि एक ‘विशेष’ व्यक्तित्व (रावण) से एक नितान्त क्षुद्र जीव की तुलना की जा रही है। रावण इतने बलशाली थे कि उनके समक्ष अत्यन्त शूर-वीर भी टिक नहीं पाते। आपको मालूम होना चाहिए कि नरेन्द्र मोदी की ‘सुरक्षा’ पर कितने रुपये अपव्यय किये जा रहे हैं; तो ध्यानपूर्वक पढ़िए और समझिए :–

● नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा पर प्रतिदिन व्यय की जानेवाली न्यूनतम धनराशि :– ₹१ करोड़ १७ लाख।

● नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा पर प्रति घण्टे की जानेवाली व्ययराशि :– ₹४ लाख ९० हज़ार।

● नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा पर प्रति मिनट व्यय की जानेवाली धनराशि :– ₹८,१६०।

अब आप विचार कीजिए केवल एक उस व्यक्ति की देख-रेख पर इतना व्यय किया जा रहा है, जो स्वयं को ‘अशिक्षित’, ‘चाय बेचनेवाला’, ‘भिखारी’, ‘जनसेवक’, ‘फ़क़ीर’ आदिक ‘निरीह’ शब्दों से सम्बोधित करके झूठी सहानुभूति बटोरता आ रहा है। इतना ही नहीं, वह व्यक्ति एक ऐसे देश का प्रधानमन्त्री बनकर ज़ह्रीले (‘ज़हरीले’ अशुद्ध है।) अन्दाज़ मे ऐसी-ऐसी अभद्रभाषा का प्रयोग करता आ रहा है, जिसे सुन-समझ और अनुभव कर मन-मस्तिष्क विषण्ण (विषादयुक्त) हो उठता है।

देश की राजनीति पहले भी अधोगति की ओर थी; परन्तु ‘आज’ जितनी कभी (‘कभी भी’ अशुद्ध है।) नहीं रही, विशेषत: प्रधानमन्त्री के रूप मे किसी भी व्यक्ति ने अपनी मान-मर्य्यादा/मर्यादा धूसरित करते हुए, इतने कुबोल कभी नहीं बोले थे। प्रधानमन्त्री की एक गरिमा होती है, जो पक्ष-विपक्ष को संतुलित करता है; समरसता और समदर्शिता के साथ शासन-संचालन करता है, जबकि वर्तमान प्रधानमन्त्री ने सारी मर्यादा को पूरी और बुरी तरह से ताक़ पर रख दिया है।

ऐसा लगता है, अब देश ‘सोने की चिड़िया’ के स्थान ‘कुत्ते की पूँछ’ की उपाधि धारण करनेवाला है।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ३० नवम्बर, २०२२ ईसवी।)