शिव यादव (बिलग्राम)-
हरदोई- श्री ठाकुर जी महाराज स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हेरवल (मल्लावां) के रजत जयंती वर्ष और महामना मदन मोहन मालवीय जयंती के उपलक्ष्य में महाविद्यालय सभागार में ” सरस कवि सम्मेलन ” का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि बिलग्राम- मल्लावां विधायक आशीष सिंह ने फीता काटकर और मां सरस्वती व महामना मदन मोहन मालवीय के चित्र सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन में प्रदेश के कई हिस्सों से आए कवियों ने अपनी कवितायें प्रस्तुत कीं।
मिश्रिख, सीतापुर के कवि जगजीवन मिश्र ने श्रृंगार रस से भरी कई कवितायें सुनाकर सबको भावविभोर कर दिया और खूब वाहवाही लूटी। इसके अतिरिक्त उन्होंने नारी शिक्षा के महत्व को व्यक्त करते हुई रचना ” महकेगा घर अगर पढ़ गईं बेटियां ” भी सुनाईं। लखनऊ से आए कवि कमलेश मौर्य ” मृदु ” ने आजकल के ढोंगी बाबाओं और उनकी भोग- विलासिता पर चुटकी लेते हुए अपनी कविता ” हमहूं बाबा बनि जाई हमारू मनु ” सुनाई । कवि रजनीश मिश्र ने वीर रस से ओतप्रोत रचनायें सुनाईं। लखनऊ की युवा कवियित्री लक्ष्मी शुक्ला ने कन्या भ्रूण हत्या पर कटाक्ष करते हुए रचना ” मैं वो कली जो खिल न पाई , न मारो मुझे खिलने दो ” सुनाई । बालकवि सिद्धार्थ दीक्षित ने रचना ” जिनको अक्षर का ज्ञान नहीं वे व्याकरण समझाते हैं, जिनकी गीदड़ की औकात नहीं वे हमको धमकाते हैं ” के माध्यम से पाकिस्तान पर तगड़ा प्रहार किया। सीतापुर के कवि रजनीश मिश्र ने वीर रस से भरी कवितायें सुनाकर सबको ताली बजाने को मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी कवियों को माल्यार्पण कर व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की कई शिक्षक- शिक्षिकायें और छात्र- छात्राओं सहित पूरा स्टाफ और तमाम क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।