प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत दी जाने वाली ₹2000 राशि अप्रैल के पहले सप्‍ताह तक होगी खाते में

प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत 8 करोड़ 70 लाख किसानों और अन्‍य लोगों को अप्रैल के पहले सप्‍ताह तक उनके खाते में 2 हजार रूपये जमा कर दिए जाएंगे। वित्‍त मंत्री ने मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी में भी वृद्धि की घोषणा की जिससे 5 करोड़ परिवारों को फायदा मिलेगा। 

वरिष्‍ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्‍यांगजनों को अगले तीन महीनों के दौरान एक – एक हजार रूपये की दो किस्‍तों में तदर्थ अनुदान दिया जाएगा। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि 80 करोड़ लोगों को अगले तीन महीने तक पांच किलो चावल या गेंहू मुफ्त उपलब्‍ध कराया जाएगा। यह इस समय दिए जा रहे 5 किलो राशन के अलावा होगा। इसके अतिरिक्‍त, प्रत्‍येक परिवार को एक किलो दाल भी मुफ्त दी जाएगी।