बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी से दस हजार की नकदी व बाइक सहित अन्य सामान लूटा

पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट की दर्ज

       हरदोई– अरवल थाना क्षेत्र के पलिया-बेड़ीजोर मार्ग पर गम्भीरी पुल के समीप बैठे चार अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी से बीती शनिवार की शाम दस हजार की नकदी सहित बाइक लूट ली, पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
       शनिवार की शाम लगभग आठ बजे अरवल थाना क्षेत्र के गांव पूराअत्ता मजरा दयालपुर निवासी विमलेश पुत्र नन्दकिशोर चौन्सार गांव से  दुकान बंदकर अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक UP 30 A X 4962 से अपने घर आ रहा था जैसे ही विमलेश ने पलिया-बेड़ीजोर मार्ग पर गम्भीरी नदी पर बने पुल को पार किया तो उसी समय अज्ञात बदमाशों ने उस पर सरिया से हमला कर दिया।तथा तमंचे के बल पर उसके पास से दस हजार की नकदी सहित बाइक लूट कर लुटेरे फरार हो गये।यही नही इस घटना से कुछ समय पूर्व इसी घटनास्थल पर कीर्तियापुर निवासी श्याम जी पुत्र हरीशंकर की बाइक को इन्ही लुटेरों ने रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक सहित भागने में सफल रहा लेकिन पीछे से आ रहे व्यापारी विमलेश को आखिरकार बदमाशो ने अपना निशाना बना ही लिया।पीड़ित विमलेश ने घटना की तहरीर थाने में दी है।थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।