हरदोई : अरवल थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी की संदिग्ध हालात में आग से जलकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनाें में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ग्राम बारी निवासी पिंकी (30) पत्नी सुनील की आठ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। पति के अनुसार उनके दो बेटे छोटू और गोलू हैं। उन्होंने बताया कि पिंकी से काफी समय से विवाद चल रहा था। कई बार उसे समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन पिंकी अपनी जिद पर अड़ी रही। गुरुवार की देर रात पिंकी ने कमरे में आग लगा ली। आग की लपटों को देख परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन फानन में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिंकी ने दम तोड़ दिया। वहीं पिंकी के पिता मान सिंह निवासी बघेड़ी थाना सराय ममरेज जनपद इलाहाबाद ने बताया कि पिंकी और सुनील के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।
गुरुवार को पिंकी को विदा कराने के लिए वह बारी गांव आए हुए थे। देर रात खाना खाने के बाद वह घर के बाहर सो रहे थे, तभी शोरगुल सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कमरे में बाहर से कुंडी पड़ी हुई है और पिंकी के कमरे में आग लगी हुई है। उन्होंने आशंका जताई है कि पिंकी ने आग लगाई नहीं थी। किसी ने आग लगाई है। फिलहाल उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया है। अरवल थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर जाकर जांच पडताल की थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।