हरदोई- टड़ियावां थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह थाना क्षेत्र के गाँव सिकरोहरी के निकट हरदोई सीतापुर मार्ग पर सड़क के किनारे तालाब में ग्रामीणों ने शव पड़ा हुआ देखा। चर्चा होने पर भारी संख्या में ग्रामीण एवं राहगीर घटना स्थल पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश चन्द्र आनन्द दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। शव को बाहर निकलवाया गया। जिसकी पहचान गुड्डू निवासी भकुरहा थाना सुरसा के रूप में हुई। पुलिस ने भाई विजेन्द्र की तहरीर पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक का विवाह अरसा सात साल पूर्व बर्गदा पुरवा मजरा दलौली निवासी जयपाल की बेटी रेखा के साथ हुआ था। मृतक के छोटे भाई विजेन्द्र के अनुसार गुड्डू शनिवार को दिल्ली से अपने पैतृक गांव पहुँचा। उसी दिन वह अपनी बहन तारावती पत्नी रमेश निवासी खजुहा मजरा गौरा डाँडा के घर पहुंचा। जहाँ कुछ देर रुकने के बाद बैग वहीं रखकर बाहर चला गया।देर रात तक वापस न आने पर काफी पता लगाया गया। किन्तु कोई सुराग नहीं मिला। जिसकी सूचना छोटे भाई विजेन्द्र को दी गई।
सोमवार की शाम विजेन्द्र बहन के घर पहुंचा। सभी ने पता लगाने का पूरा प्रयास किया किन्तु पता नहीं चला। मंगलवार को शव मिलने की चर्चा होने पर मृतक का भी व बहन पक्ष के लोग भी मौके पर पहुँचे। जिनके द्वारा शव की पहचान की गई। शरीर पर चोट आदि का निशान न होने से यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि सम्भवतः नशे की हालत में वह पानी मे जाता रहा हो जिससे मौत हो गई। वहीं प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी तदनुसार कार्यवाही होगी।