हरदोई- मझिला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता के पिता ने पति समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
ग्राम कुम्हरवा निवासी सुमन 20 पत्नी पवन की एक वर्ष पूर्व कोर्ट मैरिज से शादी हुई थी। पति के अनुसार सुमन को कई दिनों से बुखार आ रहा था। जिसका उपचार भी चल रहा था। गुरुवार को उसकी हालत बिगड़ने पर वह शाहाबाद लेकर पहुंचा, जहां पर डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वह सुमन को लेकर जिला अस्पताल आ रहा था लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं मृतका के पिता रामनिवास निवासी बरेला ने बताया कि दो वर्ष पूर्व पवन के साथ उनकी बड़ी बेटी पिंकी की शादी हुई थी। कुछ दिनों बाद दोनों के बीच अनबन हो गई और दोनों अलग रहने लगे। इसके बाद पवन ने उनकी छोटी बेटी सुमन के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। जिसके पूरा परिवार खिलाफ था। कोर्ट मैरिज में पवन को दान-दहेज नहीं दिया जिस कारण सुमन को प्रताड़ित करने लगा। गुरुवार को पवन और उसके मां-बाप व भाई ने मिलकर उसे फांसी पर लटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मझिला थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।