हरदोई- शहर कोतवाली क्षेत्र की गल्लामंडी में एक आढ़त की दुकान में पल्लेदार का शव फंदे पर लटकता मिला। घटना के बाद मंडी में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम फुकहा निवासी राजकुमार 20 पुत्र रामसहाय गल्लामंडी में आढ़ती रणवीर सिंह के यहां पल्लेदारी करता था। राजकुमार तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। छोटे भाई गुड्डू ने बताया कि राजकुमार आढ़त पर ही रात में रूकता था। शुक्रवार की सुबह राजकुमार का शव दुकान में गमछे से लटकता मिला। शव को लटकता देख मंडी में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। राजकुमार के चाचा का बेटा राजकिशोर दूसरी आढ़त पर काम करता है उसे चैकीदार ने घटना की जानकारी दी। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि राजकुमार की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि उनके भाई का मोबाइल और पर्स भी गायब है।