मेढ़बंदी प्रकरणों का समय से निस्तारण न करने पर लेखपाल एवं कानूनगो के खिलाफ एफआईआर के साथ कड़ी कार्यवाही की जायेगी :- पुलकित खरे

जिलाधिकारी पुलकित खरे ने आज तहसील बिलग्राम में सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद उप जिलाधिकारी कोर्ट का निरीक्षण किया जिसमें पत्रावलियों का रख-रखाव ठीक न होने एवं धारा 24 मेढ़बंदी की पत्रावलियां लम्बित पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीएम कोर्ट के पेशकार प्रवीण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया तथा मेढ़बंदी की समय से रिपोर्ट न लगाने वाले कानूनगों लालाराम कुशवाहा, लुकई प्रसाद, सुरेश चन्द्र की स्थायी वेतन वृद्वि पर रोक लगाते हुए सेवानिवृत्त कानूनगो रामपाल वर्मा के विरूद्व अलग से कार्यवाही करने के निर्देश दिये है।

तहसील बिलग्राम के गांव कटरी छिबरामऊ, चोलियापुर, भैरमपुर, धनसरी, कुरसठ, अजमत नगर, बिरनी, असलापुर, अल्लीगढ़ एवं रमुआपुर में पट्टे आदि की भूमि पर अवैध कब्जो की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जिलाधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने कहा है कि मेढ़बंदी के आदेश के बाद भी जिन कानूनगो द्वारा तय समय में पैमाइश नही की जायेगी उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।

श्री खरे ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिये है कि भविष्य में तहसीलों के निरीक्षण में मेढ़बंदी की पत्रावलियां लम्बित पायी गयी या पत्रावलियों का रख-रखाव ठीक नही पाया जायेगा तो संबंधित लेखपाल एवं कानूनगो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा कर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विमल कुमार अग्रवाल, उप जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह एवं तहसीलदार आदि मौजूद रहें।