कोविड की तैयारियों के दृष्टिगत होगी मॉक ड्रिल

हरदोई, 7 अप्रैल 2023– कोविड के केस फिर से बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में कोविड शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार 11 अप्रैल यानि आगामी मंगलवार को कोविड की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉक ड्रिल प्रस्तावित है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश कुमार तिवारी ने दी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में कोरोना के सक्रिय पाँच मरीज हैं जो कि होम आइसोलेशन में हैं तथा किसी में कोई भी गंभीर लक्षण नहीं हैं | सभी को स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर पर ही दवा एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। जनपदवासियों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिला अस्पताल सहित 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर कोरोना की जांच एवं सैम्पल कलेक्शन का काम किया जा रहा है। सुरसा ब्लॉक में एक आरटीपीसीआर जांच लैब काम कर रही है। जनपद में 13 आक्सीजन प्लांट, एवं लगभग 1300 आक्सीजन कंसन्ट्रेटर क्रियाशील हैं। इसके अलावा 400 आक्सीजन सिलेंडर भी हैं। इसके साथ ही 82 चिकित्सकों एवं 64 स्टाफ नर्सों को कोविड का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खांसी, जुकाम, बुखार आने पर स्वयं कोई इलाज न करें। निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। इसके साथ ही कोविड से बचाव के प्रोटोकॉल को अपनाएं। बेवजह घर से बाहर न निकलें, दो गज शारीरिक दूरी का पालन करें, मास्क लगाएं और बार-बार अपने हाथों को धोते रहे।