जिले में नकल माफियाओं और विद्यालय प्रबंधन के गठजोड़ के मामले ने सबको चौंकाया

                माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के व्यक्तिगत फार्मों को गलत तरीके से अग्रसारित करने वाले 10 प्रधानाचार्यों पर विभागीय कार्रवाई तय है । परिषद में पक्ष रखने के बाद इन प्रधानाचार्यों के विरुद्ध कार्रवाई होगी । डीआइओएस की ओर से इन सभी प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया गया है । नकल माफियाओं का विद्यालय प्रबंधनगठसे गठजोड़ भी सामने आ गया है।
              हरदोई में माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के व्यक्तिगत फार्मों के अग्रसारण में 2472 विद्यार्थियों के फार्मों में गड़बड़ी पाई गई थी। जिस पर डीआइओएस की ओर से इन फार्मों को निरस्त करने की संस्तुति की गई थी। बोर्ड की ओर से जांच में फार्मों में खामी पाए जाने पर अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर परिषद में पक्ष रखने के लिए कहा गया है साथ ही गलत फार्म के अग्रसारण करने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। परिषद से पत्र आने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा की ओर से गलत फार्मों को अग्रसारित करने वाले प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष तीस तारीख को परिषद में रखने को कहा गया है साथ ही उसके बाद कार्यालय में भी प्रधानाचार्यों को लिखित में साक्ष्य सहित आख्या देनी होगी। परिषद में प्रधानाचार्यों का पक्ष सुनने के उपरांत फार्मों के निरस्त करने के साथ ही उनके विरूद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। डीआईओएस नरेन्द्र शर्मा ने बताया कि अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया गया है।उत्तर प्रदेश में हरदोई जनपद नकल के लिए प्रसिद्ध है। यहां 300 से ज्यादा ऐसे हाइस्कूल और इंटरमीडिएट के कॉलेज है जहां विगत डेढ़ दशक से खुले आम नकल करायी जाती रही है। इसमें प्रशासन की पूरी सहभागिता रही है। यहां अन्य प्रदेशों के छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए आते थे या फिर बगैर परीक्षा दिए ही पास हो जाते थे। इसके कई ऐसे उदाहरण भी सामने आ चुके है। यहां नकल माफियाओं और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के आपसी नेटवर्क का ऐसा गठजोड़ रहा है जिसके चलते कभी भी नकल माफियाओं पर नकेल नहीं कसी जा सकी है।
                 जिले के 10 अग्रसारित केंद्र पीबीआर इंटर कॅालेज गौसगंज, राजकीय बालिका इंटर कालेज पिहानी, बीएन इंटर कालेज भगवंतनगर, राजकीय बालिका इंटर कालेज बिलग्राम, श्री नरपति सिंह इंटर कालेज माधोगंज, आदर्श इंटर कालेज थमरवा, राजकीय बालिका इंटर कालेज पाली, बसंत लाल इंटर कालेज शाहाबाद, राजकीय बालिका इंटर कालेज संडीला और श्री रमेश चंद्र अवस्थी इंटर कालेज मल्लावां में 2472 परीक्षार्थियों के फ़ार्म फ़र्ज़ी मार्कशीट लगाकर भर दिए गए। बड़े पैमाने पर हुए खेल के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि इसकी रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को भेज दी गयी है। जहां इन परीक्षा फॅार्मों को डिलीट करने की कार्रवाई चल रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद की फ़ार्म डिलीशन की रिपोर्ट आ जाने के बाद वह अग्रसारित केन्द्रो के प्रधानाचार्य और उनके लिपिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ कराएंगे। इसमें अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।