कछौना (हरदोई): भारत सरकार द्वारा प्रायोजित और उत्तर प्रदेश के परीक्षा नियामक प्राधिकारी व राज्य मनोविज्ञान केंद्र प्रयाग द्वारा संपादित ‘राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा’ में जनपद हरदोई में चयनित 93 विद्यार्थियों में से आधे से ज्यादा बच्चे कछौना से हैं। इतना ही नहीं जिले का टॉपर पिंकेश कुमार सुपुत्र सर्वेश कुमार उच्च प्राथमिक विद्यालय लोन्हारा का छात्र है। इसके अलावा इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली दो छात्राएं ममता देवी एवं कामिनी देवी हैं जिन्होंने अच्छे अंक पाकर अपने गुरुजनों के साथ परिवार को गौरवान्वित किया है। इनके पिता राम प्रकाश श्रीवास्तव प्राथमिक विद्यालय मोहाई में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं।
2020-21 में विकास क्षेत्र कछौना के परिषदीय, उच्च प्राथमिक विद्यालयों से 50 से ज्यादा विद्यार्थी इस परीक्षा को पास होने में सफल रहे, जबकि पिछले साल भी जनपद में सर्वाधिक 10 बच्चे कछौना से चयनित हुए थे। बच्चों की इस सफलता के लिए कछौना की टीम बधाई की पात्र है।
इस बार ब्लॉक के 21 विद्यालयों के 170 बच्चों ने इस परीक्षा हेतु अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें सर्वाधिक 142 बच्चों ने परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में पास होने वाले बच्चों को कुल ₹48000 की योग्यता छात्रवृत्ति मिलेगी। सनद रहे कि जिले को 322 छात्रवृत्ति आवंटित हैं। पर जिले का दुर्भाग्य कि इतने फार्म भी नहीं भरे जाते। इस साल रजिस्ट्रेशन के सापेक्ष मात्र 240 बच्चों ने परीक्षा दी थी, जिसमें मात्र 93 बच्चे पास हुए। इस प्रकार 229 छात्रवृत्ति बेकार हो गईं। यही स्थिति संपूर्ण उत्तर प्रदेश की भी है। राज्य को आवंटित लगभग 15800 छात्रवृत्तियों में मात्र तीन से चार हजार बच्चे ही सफल हो पाते हैं।
इस बारे में खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज बोस ने बताया कि उन्होंने अगले साल अपने विकास क्षेत्र के लिए 150 छात्रवृत्ति का लक्ष्य रखा है। जिस हेतु सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सदुपयोग कर व्यापक प्रचार प्रसार कर राज्य और राज्य से बाहर भी शतप्रतिशत इस छात्रवृत्ति को वितरित कराने के मकसद से फार्म भराने व तैयारी हेतु अभियान जारी कर रखा है।
ख़बर- पी.डी. गुप्ता