हरदोई 25 फरवरी- ब्लॉक टोडरपुर के उमरौली गांव में नेहरू युवा केन्द्र की ओर से शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विकास खंड के कई गाँवों की ओर से महिलाओं व पुरूषों से प्रतिभाग किया।
राज्य प्रशिक्षक अकील अहमद ने कार्यक्रम में युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने की भरपूर कोशिश की। इसके साथ ही समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने की बात कही गयी। स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत, गरीबी उन्मूलन, भ्रष्टाचार आदि विषयों पर प्रतिभागियों से चर्चा की।
उन्होने युवाओं को संबोधित कर कहा कि आज हम सब को भारत के नव निर्माण में अपना योगदान देकर देश के महापुरूषों के सपनों को साकार करना है। इसी से सच्चे देशभक्त का खिताब मिल सकता है। कहा कि देश सेवा से बढ़कर कोई दूसरा धर्म नहीं होता। इसलिए हम सभी को अपने जीवन में देश के लिए समय देना होगा। इससे देश के विकास को गति मिल सके।
एनआईवी टोडरपुर के विशाल पांडे ने आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए भारत के नव निर्माण की कल्पना को साकार करने के लिए युवाओं का आह्वान किया। कहा कि हम सब अपने देश के सच्चे अर्थों में नागरिक तभी कहलाएंगे जब देशहित के कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकार की मंशा के अनुसार कार्य करेंगे। समाज सेवा की भावना से कार्य करने पर देश व स्वयं का नाम युवा रोशन कर सकते हैं। इसके बाद 3 माह चले बुनियादी एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण के प्रतिभागियों के प्रमाण पत्रों का वितरण राज्य प्रशिक्षक ने किया। इस मौके पर प्रियंका देवी, उमा मिश्रा, आनंद, आदर्श पांडेय, सुनीता पांडेय, शिवप्रकाश पांडेय, चन्द्रेश पांडेय आदि लोग रहे। –