भवानीमंडी:- अखिल भारतीय साहित्य परिषद भवानीमंडी द्वारा प्रकाशित साहित्य दर्शन ई पत्रिका का ऑनलाइन विमोचन समारोह में विमोचन किया गया।
ऑनलाइन विमोचन समारोह के संयोजक डॉ. राजेश पुरोहित ने बताया कि गुरुवार रात्रि 9 बजे से ऑनलाइन विमोचन समारोह का शुभारंभ गणेश वन्दन “गणपति गजराज गजानन अर्ज हमारी सुन लीजो की सुन्दर प्रस्तुति के साथ किया। सरस्वती माँ का पूजन अर्चन दीप प्रज्वलन व वीणापाणि की वन्दना सुमधुर स्वरों में कवि राजेश ने प्रस्तुत की।
ऑनलाइन विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि ख्यातिनाम कवि शिक्षाविद रामचन्द्र आजाद,विशिष्ट अतिथि युवा कवि अंकुश कुमार , कवि ,साहित्यकार शोभाराम नागर शोभित, कवि राजकुमार टेलर रहे। विशेष सानिध्य अतिथि में बाल कवयित्री शुभांगी शर्मा, वीर रस के कवि राजेन्द्र आचार्य राजन रहे। मुख्य अतिथि रामचन्द्र आजाद ने साहित्य दर्शन ई पत्रिका वर्ष- 2, अंक -16 नव वर्ष विशेषांक का अपने कर कमलों से ऑनलाइन विमोचन किया।
ऑनलाइन विमोचन समारोह में आजाद ने कहा कि इस विशेष अंक में प्रकाशित 44 रचनाकारों की नव वर्ष पर आधारित रचनाएं सचित्र प्रकाशित की गई है। मैं प्रधान संपादक डॉ. राजेश पुरोहित जी को श्रेष्ठ सम्पादन हेतु बधाई देता हूँ। भवानीमंडी व क्षेत्र के रचनाकारों को उन्होंने मंच प्रदान कर छंदबद्ध रचना लिखना सिखाकर हिन्दी साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नवोदित रचनाकारों में उत्साह है। समारोह में उपस्थित अतिथि अंकुश कुमार शोभाराम नागर राजकुमार टेलर बाल कवयित्री शुभांगी,राजेन्द्र आचार्य ने भी सम्बोधित किया खबर 24 न्यूज़ चैनल के डायरेक्टर लोकेश मकवाना ने भी सभी रचनाकारों को नव वर्ष की बधाई दी तथा विशेष अंक की प्रशंसा की।
संयोजक डॉ. राजेश पुरोहित ने कहा कि साहित्य दर्शन ई पत्रिका के सोलहवें अंक में 44 रचनाकारों ने रचनात्मक सहयोग प्रदान किया। सभी ने उत्कृष्ट रचनाएं लिखी।
ऑनलाइन समारोह के सभी अतिथियों को सम्मान पत्र सह प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। ऑनलाइन समारोह का शानदार संचालन कवि डॉ. राजेश कुमार शर्मा पुरोहित ने किया।