*कछौना(हरदोई):* विकासखंड कछौना की ग्रामसभा त्योरी मतुआ के त्योरी के खुले में शौच मुक्त की जमीनी हकीकत को जानने के लिए प्रभारी मंत्री अनिल राजभर सोमवार को सुबह पहुंचे।
प्राथमिक पाठशाला त्योरी के ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री जी ने कहा कि वर्तमान समय में भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत है। गांव के विकास के लिए सभी को सहयोग करना होगा जिससे देश का समुचित विकास हो। शौचालय का प्रयोग करें जिससे बीमारी से बचेंगे। सभी योजनाएं पारदर्शिता के साथ लागू हो रही हैं। पात्रता सूची के आधार पर शौचालयों एवं आवास योजना का लाभ मिलेगा। गांव को खुशहाली के रास्ते पर कैसे ले जाएं इसके लिए सबको मिल कर कार्य करना होगा। कोई समस्या एक दिन में खड़ी नहीं हो जाती है ना ही एक दिन में दूर हो जाती है। पूर्ववर्ती सरकार ने यह दुर्दशा विरासत में दी है जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। समस्याओं का निराकरण अवश्य होगा, हम पूरी तरह आस्वस्त कर रहे हैं। शौचालय बीमारी यापन करने के लिए शौचालय का प्रयोग करना आवश्यक है। जब देश का प्रधानमंत्री झाड़ू लगाने का कार्य करके हम सब को स्वच्छता का संदेश देते हैं तो सबसे पहले हमारी प्राथमिकता गांव का कोई व्यक्ति खुले में शौच ना जाए। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के नाम से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हम सब मिलकर आपकी बेहतरी के लिए कार्य कर रहे हैं, 70 वर्ष से जो व्यवस्था बिगड़ी चल रही है उसको ठीक करने में समय लगेगा। गरीबों के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना शुरू की जिससे गरीब व्यक्ति इलाज के अभाव में असमय मृत्यु के घाट ना उतरे। सड़कें अच्छी होंगी। विद्युतीकरण में युद्ध स्तर पर कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री जनधन खाता खोलकर बिचौलिए को खत्म किया जिससे योजना का लाभ सीधे लाभार्थी के खाते में जाए।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार ने जिले के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों के आवेदन फार्म जमा कराकर योजना का लाभ दिलाने का कार्य करें जिस पर संबंधित अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
मंत्री के जाते ही आला अधिकारी भी मौके से रुखसत हो लिये। आम गरीब बेवस आदमी को निराशा ही हाथ लगी। कार्यक्रम खानापूर्ति तक सीमित रहा। ग्रामीणों ने विद्युत जर्जर लाइन को बदलवाने, पेंशन का लाभ, बघौली-बनियान खेड़ा माइनर की टेल तक सफाई, ग्राम में स्थित तालाब में जलभराव की निकासी की समस्याओं से अवगत कराया। गांव की जमीन स्तर से विकास योजनाओं को देखना मंत्री जी ने मुनासिब नही समझा। महिला सशक्तीकरण की बात करने वाले सरकार के नुमाइंदे विद्यालय परिसर में मात्र प्रतिदिन ₹ 32 के मानदेय पर रसोइयों का दर्द जानना मुनासिब नहीं समझा। जिनको कई माह तक मानदेय नहीं मिलता है। बिना घोषित के छात्रों का अवकाश कर दिया गया। जिससे छात्रों को मानक विहीन मिली ड्रेस की कमियां अधिकारी छुपा ले गए। वही दिन रात अपनी फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए परेशान किसान अपना दर्द साझा नहीं कर पाए। सरकार द्वारा अभी तक आवारा पशुओं के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से किसान परेशान हैं। वहीं गौवंश की दुर्दशा हो रही है। आए दिन ब्लेड वाले तारों से घायल हो रहे हैं। इलाज के अभाव में तड़प-तड़प कर मर रहे हैं। जिनके शवों को कोई उठाने वाला नहीं है। जिससे सड़कों के किनारे सड़ांध व गांव में संक्रामक बीमारी फैलने की प्रबल संभावना है। धनंजय किसान ने बताया इसकी अनदेखी सरकार को आगामी चुनाव में खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
इस अवसर पर जिले के आला अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार, जिला विकास अधिकारी रजितराम मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक संडीला विवेक कुमार, तहसीलदार संडीला, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला सूचना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव, खंड शिक्षा अधिकारी विपिन मिश्रा, अधिशासी अभियंता विद्युत, अवर अभियंता राजेश गौतम, अधिशासी अभियंता शारदा नहर, समाज कल्याण अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी रमेश यादव, खंड विकास अधिकारी बुद्धदेव द्विवेदी, एडीओ पंचायत कछौना महेंद्र कुमार तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कछौना जे०एम० सरोज व प्रभारी निरीक्षक बघौली, ग्राम प्रधान पति शैलेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान मोहम्मद शाहिद, भाजपा नेता समीर सिंह, पी. के. वर्मा मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह, युवा मंडल महामंत्री नवीन कुमार, लालता सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में पुरुष महिलाएं मौजूद थे।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता