सिनेमा चौराहे पर पुलिस बूथ के पास हुए भीषण हादसे में मृत सिपाही व होमगार्ड को अंतिम विदाई देने एडीजी लखनऊ जोन राजीव कृष्ण व आईजी जोन सुजीत पांडे हरदोई पहुंचे। दोनों अधिकारी सबसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती घायल होमगार्ड से मिले उसके बाद सीधे पुलिस लाइन पहुंचे जहां दोनों पुलिस कर्मियों को अंतिम विदाई दी और उनको पुष्प चक्र अर्पित कर शोक सम्वेदना प्रकट करते हुए कहा दोनों की कमी विभाग को खलेगी । उन्होंने कहा कि वह दोनों कर्मियों को शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता आदि दिलाये जाने के लिए अतिशीघ्र कार्यवाही करेंगे। इनके साथ एसपी विपिन कुमार मिश्र भी मौजूद रहे।
बता दें कि इस हादसे में शहर कोतवाली में तैनात सिपाही मंजूर फारूकी 35 पुत्र अब्दुल वाजिद निवासी पैगम्बर गढ़ी, थाना लोनी कटरा बाराबंकी, होमगार्ड श्रीचंद्र 48 पुत्र सुंदरलाल निवासी परसापुर सांडी, विवेक 19 पुत्र बहादुर निवासी हरीपुर्वा गल्ला मंडी के पीछे थाना कोतवाली शहर व राकेश उर्फ डल्लू पुत्र फूलचन्द्र निवासी कांशीराम कालोनी की मौत हो गयी जबकि होमगार्ड हरीश चंद्र 50 पुत्र राम आसरे भैनामऊ थाना सुरसा घायल हैं जिसका इलाज चल रहा है। सभी मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। जो दो बाइकें हादसे में जली है उनमें एक सिपाही मंजूर की कोबरा की सरकारी बाइक व दूसरी चौकी इंचार्ज कयूम की बाइक है। हादसे में सिपाही व होमगार्ड की राइफलें भी टूटकर जल गई है।