माधौगंज (हरदोई)- बिजली की अघोषित कटौती के चलते नगर व ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता आक्रोशित हैं। सरकार के दावे कागजी आंकड़ों तक सीमित हैं। उपभाक्ताओं को रात व दिन में सात से आठ घण्टे बिजली का आपूर्ति मिलती है। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को बिजली की आवाजाही के चलते रातों की नींद पूरी नही हो पाती है।
प्रदेश सरकार ने अठारह से बीस घण्टे बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है। लेकिन इसकी हकीकत कोसों दूर है। नगर के उपभोक्ता विनोद गुप्ता, रमेश चन्द्र, नन्दकिशोर, रामशंकर कुशवाहा, रामप्रकाश, मनोज कुमार, सुन्दरलाल आदि का कहना है कि रात व दिन में कुल सात से आठ घण्टा बिजली मिल रही है। उसमें भी दर्जनों बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। लोगों ने बताया कि विभाग के जेई को फोन करने पर उनका सीयूजी नम्बर उठता ही नहीं है। वहीं कर्मियों की लापरवाही के चलते पावरहाउस पर भी रखा फोन उठता नही है। जिसके चलते लोगों को बिजली के आने जाने व फाल्ट की जानकारी नही हो पाती है। समय से बिजली की आपूर्ति न होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही हैं वहीं किसानों के खेतों में लगने वाली धान की पौध में दिक्कते हो रही हैं। कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर कस्तूरबा विद्यालय के निकट रखा ट्रान्सफार्मर में प्रतिदिन आतशबाजी होती रहती है। जिसके चलते नगर के कुछ मोहल्ले व ग्राम पंचायत दौलतयारपुर की आपूर्ति प्रभावित होती है। ट्रान्सफार्मर से रोड क्रास कर डाला गया केबिल का सर्पोटर तार कई दिनों से टूटा पड़ा है जिसके कारण केबिल नीचे लटक रहा है। लटकते केबिल में भारी वाहनों के फंस जाने के कारण आए दिन तार टूटते रहते हैं।