● पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रामीणों ने लगाए सैकड़ों की संख्या में पौधे।
अनीश सिंह, हरियावां :
वृहद पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को भी कई स्थानों पर पौधरोपण किया गया। अभियान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पिहानी विकास खंड के ग्राम भीठी नेवादा में विभिन्न प्रकार के 210 पौधे लगाए गए। इस मौके पर ग्रामपंचायत अधिकारी मनोहर लाल, प्रधान पुत्र देश दीपक वर्मा, रोजगार सेवक सर्वेश कुमार, अवनीश, मनोज, राकेश, भंडारी आदि ग्रामवासी मौके पर मौजूद रहे।
इस मौके पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने सभी को जानकारी दी। उन्होंने कहा पर्यावरण को बेहतर बनाने में वृक्ष और पौधे मदद करते हैं। ये हवा को शुद्ध करते हैं, पानी को संरक्षित करते हैं, जलवायु नियंत्रण में मदद करते हैं, मिट्टी की शक्ति को बरकरार रखते हैं और कई अन्य तरीकों से समग्र पर्यावरण को लाभ पहुंचाते हैं।
पौधारोपण का महत्त्व इतना स्पष्ट है तब भी कुछ ही मुट्ठी भर लोग हैं जो वास्तव में इस गतिविधि में शामिल होने का प्रण लेते हैं। बाकी अपने जीवन में इतने तल्लीन हो चुके हैं कि वे यह नहीं समझते कि बिना पर्याप्त पेड़ों के हम लंबे समय तक जीवित नहीं रह पाएंगे। यह सही समय है जब हमें पौधारोपण के महत्त्व को पहचानना चाहिए और उसकी ओर अपना योगदान देना चाहिए।